Year Ender 2025 : पहलगाम आतंकी हमले से दहला देश, रायपुर के कारोबारी समेत 26 को मारी गई गोली, PM के एक्शन से लेकर सीजफायर तक पूरी रिपोर्ट
Year Ender 2025 : दिसंबर का महीना चल रहा है और कुछ ही दिनों में साल 2025 इतिहास बन जाएगा। लेकिन यह साल भारत के लिए कई गहरे ज़ख्म छोड़ गया। 2025 में हुए आतंकी हमलों ने न सिर्फ़ देश को शोक में डुबो दिया, बल्कि पूरी दुनिया को भी झकझोर कर रख दिया। इन्हीं में सबसे भयावह था अप्रैल 2025 में हुआ पहलगाम आतंकी हमला, जिसमें 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई। इस हमले में छत्तीसगढ़ के कारोबारी दिनेश मिरानिया भी शहीद हुए।
दुनिया भर के देशों ने इस कायराना हमले की कड़ी निंदा की, वहीं भारत ने पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ सख़्त रुख अपनाते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के जरिए जवाबी कार्रवाई की। आइए यहां जानें क्या-क्या हुआ था…
पहलगाम हमला- क्या हुआ था उस दिन
Year Ender 2025: A Reflection on the Year’s Tragedies
अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के लिए मशहूर कश्मीर की पहलगाम घाटी 22 अप्रैल 2025 को खून से लाल हो गई। पहलगाम से करीब 7 किलोमीटर दूर स्थित बैसरन घाटी में दोपहर 1 बजे से 1:30 बजे के बीच आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। उस वक्त घाटी में सैकड़ों पर्यटक छुट्टियों का आनंद ले रहे थे।
जानकारी के अनुसार, पांच आतंकवादी जंगल के रास्ते घाटी तक पहुंचे थे। उन्होंने सैन्य वर्दी पहन रखी थी, ताकि किसी को शक न हो। हमले वाली जगह पर न तो सेना की तैनाती थी और न ही सीसीटीवी कैमरे मौजूद थे। इसी का फायदा उठाकर आतंकियों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस बर्बर हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 25 पर्यटक और एक स्थानीय घोड़ा संचालक शामिल था।
धर्म पूछकर लोगों को बनाया गया निशाना
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आतंकियों ने गोली चलाने से पहले लोगों से उनका नाम और धर्म पूछा। कई पीड़ितों से कलमा पढ़ने को कहा गया। आतंकियों ने खासतौर पर हिंदू पर्यटकों को निशाना बनाया, हालांकि हिंसा इतनी अंधी थी कि कोई भी सुरक्षित नहीं रहा। यह हमला किसी एक समुदाय पर नहीं, बल्कि इंसानियत और शांति के विचार पर सीधा हमला था। कई पीड़ितों को बेहद नजदीक से गोली मारी गई। घटनास्थल से सामने आए वीडियो में खून से लथपथ शव जमीन पर पड़े दिखे और घायल लोग मदद के लिए चीखते नज़र आए। आतंकियों ने अपने कंधों पर लगे कैमरों से पूरी वारदात को रिकॉर्ड किया, जिसकी भयावह तस्वीरें बाद में सामने आईं।




